चाईबासा में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी के वाहन बरामद

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। चाईबासा: चाईबासा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मोटरसाइकिल चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। ये चोर 1 दिसंबर को सेफरन सुईट्स रेस्टोरेंट की पार्किंग के बाहर से दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी चोरी करने की घटना में शामिल थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी किए गए तीनों वाहन भी बरामद कर लिए हैं।

गिरफ्तार आरोपी
बागुन लुगुन (19 वर्ष), निवासी-खप्परसाई

अभिमन्यु तियु (24 वर्ष), निवासी-खप्परसाई

Advertisement

एक विधि-विरुद्ध किशोर (नाबालिग)

कैसे हुई गिरफ्तारी?
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बहामन टुटी ने शुक्रवार को घटना का खुलासा करते हुए बताया कि 1 दिसंबर की रात मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सेफरन सुईट्स रेस्टोरेंट की पार्किंग से वाहनों की चोरी हुई थी, जिसकी प्राथमिकी 2 दिसंबर को दर्ज की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। इस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जिला स्कूल मैदान से दो अपराधियों और एक विधि-विरुद्ध किशोर को दबोच लिया।

वाहन बरामदगी
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल किया। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हवाई अड्डा रोड के किनारे झाड़ी से बरामद किया गया है।

आगे की कार्रवाई
गिरफ्तार व्यक्तियों से पूछताछ के दौरान इस गिरोह में शामिल दो अन्य अभियुक्तों की संलिप्तता भी सामने आई है। इन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।

विशेष टीम
इस सफल छापामारी टीम में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी, मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अरविंद शर्मा, पुलिस अवर निरीक्षक दिनेश कुमार, नगेंद्र और मुफ्फसिल थाना के रिजर्व गार्ड के सशस्त्र बल शामिल थे।

Share This Article