सबसे बड़ी पार्टी भाजपा की कमान नितिन नबीन को : मंगलवार को नए राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे शपथ ग्रहण

KK Sagar
4 Min Read

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को आज यानी मंगलवार को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने जा रहा है। सुबह 11:30 बजे पार्टी की ओर से नितिन नबीन के नाम का औपचारिक ऐलान किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए हुए नामांकन में नितिन नबीन के पक्ष में कुल 37 सेट नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं, जिससे उनका निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है।

इन 37 नामांकन सेटों में से 36 सेट देश के अलग-अलग संगठनात्मक राज्यों की ओर से प्रस्तुत किए गए, जबकि एक सेट भाजपा की राष्ट्रीय परिषद और संसदीय दल की ओर से दाखिल किया गया। राष्ट्रीय परिषद और संसदीय दल की ओर से दाखिल प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कुल 20 केंद्रीय नेताओं के नाम प्रस्तावक के रूप में शामिल हैं। प्रत्येक नामांकन सेट में प्रस्तावक और अनुमोदक दोनों शामिल रहे।

भाजपा के संविधान के अनुसार, अध्यक्ष चुनाव की पूरी प्रक्रिया 20 जनवरी को पूर्ण हो जाएगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकाल तीन वर्ष का होता है। वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा, जिन्होंने छह वर्षों तक पार्टी का नेतृत्व किया, अब नितिन नबीन को कार्यभार सौंपेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन के साथ ही भाजपा का बहुप्रतीक्षित ‘संगठन पर्व’ भी औपचारिक रूप से पूर्ण हो जाएगा।

भाजपा के संगठन पर्व 2024 के तहत संविधानसम्मत, पारदर्शी और लोकतांत्रिक तरीके से संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रिया देशभर में लगातार आगे बढ़ी है। इस अभियान का उद्देश्य बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक संगठन को मजबूत करना रहा है, जो अब अपने निर्णायक चरण में पहुंच चुका है।

बूथ स्तर पर देशभर के 10,70,462 बूथों में से 7,88,197 बूथ अध्यक्षों का निर्वाचन पूरा हो चुका है। इसके साथ ही 89,47,845 बूथ समिति सदस्यों का गठन किया गया है। इस स्तर पर अब तक 74 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है।

इसके बाद मंडल स्तर पर चुनाव संपन्न हुए, जहां 45 वर्ष से कम आयु के युवा कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी गई। देश के 17,743 मंडलों में से 16,469 मंडल अध्यक्षों का निर्वाचन हो चुका है, जो 93 प्रतिशत प्रगति को दर्शाता है।

जिला स्तर पर भी संगठन पर्व के तहत व्यापक प्रगति दर्ज की गई है। देश के 1,036 जिलों में से 978 जिलों में जिला अध्यक्षों का निर्वाचन पूरा हो चुका है, यानी इस स्तर पर 94 प्रतिशत कार्य संपन्न हुआ है। वहीं, प्रदेश परिषद गठन की प्रक्रिया में निर्धारित 6,384 सदस्यों में से 4,932 सदस्यों का निर्वाचन हो चुका है, जो 80 प्रतिशत प्रगति को दर्शाता है।

इसी क्रम में देश के 37 संगठनात्मक प्रदेशों में से 30 प्रदेशों में प्रदेश अध्यक्षों का निर्वाचन पूरा हो चुका है। इस स्तर पर 81 प्रतिशत कार्य संपन्न हुआ है। राष्ट्रीय स्तर पर, राष्ट्रीय परिषद के लिए निर्धारित 815 सदस्यों में से 741 का निर्वाचन हो चुका है, जो 92 प्रतिशत प्रगति को दर्शाता है।

इन सभी निर्वाचित इकाइयों के आधार पर पार्टी संविधान के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल का गठन किया गया। इस निर्वाचक मंडल में संसदीय दल के 35 मनोनीत सदस्य, 741 निर्वाचित राष्ट्रीय परिषद सदस्य और 4,932 निर्वाचित प्रदेश परिषद सदस्य शामिल हैं। इस प्रकार निर्वाचक मंडल की कुल संख्या 5,708 हो गई है।

भाजपा नेतृत्व के अनुसार, संगठन पर्व 2024 के तहत चली यह पूरी प्रक्रिया पार्टी की संगठनात्मक मजबूती, आंतरिक लोकतंत्र और अनुशासित कार्यसंस्कृति को और सुदृढ़ करने का प्रयास है। आज राष्ट्रीय अध्यक्ष के औपचारिक ऐलान के साथ ही भाजपा संगठन पर्व अपने अंतिम चरण में प्रवेश कर जाएगा।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....