कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव के बीच भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित इस भव्य समारोह में देशभर से भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी ने पूरे आयोजन को खास बना दिया।
पहली बार पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने और मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण को लेकर कार्यकर्ताओं एवं आमजन में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पूरे आयोजन स्थल पर भाजपा समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही और “सोनार बांग्ला” के नारों से माहौल गूंजता रहा।
आसनसोल भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ समारोह में पहुंचे विधायक जितेंद्र गोठवाल
राजस्थान के खंडार से भाजपा विधायक एवं आसनसोल जिला प्रवासी जितेंद्र गोठवाल भी आसनसोल भाजपा कार्यकर्ताओं के बड़े समूह के साथ समारोह में शामिल हुए। उन्होंने इसे पश्चिम बंगाल में विकास, सुशासन और राष्ट्रवादी विचारधारा की जीत बताया।
जितेंद्र गोठवाल ने कहा कि यह केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि जनता की उस सोच की जीत है जिसने भ्रष्टाचार, हिंसा और तुष्टिकरण की राजनीति को नकारते हुए विकास और विश्वास की राजनीति को समर्थन दिया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार “सोनार बांग्ला” के संकल्प को साकार करते हुए राज्य में उद्योग, व्यापार, रोजगार, शिक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नई दिशा देने का काम करेगी। साथ ही उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के समर्पण और जनता के अपार समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।

