जयपुर (आकाश शर्मा): शास्त्री नगर स्थित सुभाष कॉलोनी के राधा कृष्ण पार्क में रविवार को सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने विधायक कोष से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। करीब 20 लाख रुपए की लागत से बने इस भवन से क्षेत्रवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
लोकार्पण कार्यक्रम में बनीपार्क मंडल अध्यक्ष निखिल वर्मा, कार्यक्रम संयोजक आलोक पारीक, निवर्तमान पार्षद चेयरमैन मनोज मुद्गल, मंडल महामंत्री प्रमोद झा, रोहित शर्मा, संजय राजपुरोहित, श्याम सुंदर अग्रवाल, कालीचरण शर्मा, संजय भाया, रतनलाल कट्टा, विवेक शर्मा, देवेन्द्र बानूड़ा, डॉ. संजना पारीक सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए विधायक कोष का उपयोग जनहित में किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सिविल लाइंस क्षेत्र में सड़क, पानी, बिजली समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे।
कार्यक्रम संयोजक आलोक पारीक ने विधायक का आभार जताते हुए कहा कि सामुदायिक भवन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अब इसके निर्माण से स्थानीय लोगों को सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए सुविधाजनक स्थान मिल सकेगा।
मरुधर विहार कॉलोनी में जनसुनवाई कर सुनी लोगों की समस्याएं
सामुदायिक भवन के लोकार्पण के बाद विधायक गोपाल शर्मा ने वार्ड 38 खातीपुरा स्थित मरुधर विहार कॉलोनी के श्री गणेश श्याम बाबा मंदिर में जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत आमजन से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।
जनसुनवाई कार्यक्रम में मरुधर विहार विकास समिति के अध्यक्ष अनिल सिंह जादौन, महामंत्री जितेंद्र अग्रवाल, लोकतंत्र सेनानी सत्यनारायण गुप्ता, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता अशोक बंसल, शंभू सिंह राठौड़, शांति नगर मंडल के पूर्व अध्यक्ष राकेश गुर्जर, मंडल उपाध्यक्ष अमित चोपड़ा, वार्ड अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और मातृशक्ति उपस्थित रही।

