रामगढ़। उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने एवं उनके सम्मानजनक, सुरक्षित और आत्मनिर्भर जीवन के लिए लगातार ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। रोजगार, प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, सम्मान और आधारभूत सुविधाओं को लेकर प्रशासन की ओर से कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं।
हाल ही में गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को सम्मानित किया गया, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश गया। इसके साथ ही ट्रांसजेंडर समुदाय के एक सदस्य को समाहरणालय में नियुक्ति प्रदान की गई है। उपायुक्त के निर्देश पर दो अन्य ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की नियुक्ति प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है, जिससे उन्हें स्थायी आजीविका का अवसर मिल सकेगा।
उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने स्वयं पतरातू प्रखंड अंतर्गत भुरकुंडा क्षेत्र में निवास कर रहे ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों से मुलाकात कर उनके जीवन स्तर, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर संवाद किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान एवं समुदाय के समग्र विकास के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।
वहीं उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने भी भुरकुंडा क्षेत्र का दौरा कर समुदाय के लोगों से मुलाकात की और उनके उत्थान को लेकर आवश्यक पहल पर चर्चा की। जिला प्रशासन द्वारा ब्यूटीशियन सहित अन्य कौशल विकास प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, ताकि ट्रांसजेंडर समुदाय स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सके।
रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से रामगढ़ जिला अंतर्गत छतरमांडू स्थित समाहरणालय परिसर के पार्क में “ट्रांसजेंडर कैफे” की शुरुआत शीघ्र की जाएगी। यह पहल न केवल रोजगार उपलब्ध कराएगी, बल्कि समाज में समानता, समावेशन और सम्मान का संदेश भी देगी।
उपायुक्त के निर्देश पर समाहरणालय रामगढ़, सदर अस्पताल रामगढ़ एवं बस स्टैंड रामगढ़ में ट्रांसजेंडर टॉयलेट की स्थापना की गई है, जिसका संचालन जल्द शुरू किया जाएगा। इससे सार्वजनिक स्थलों पर समुदाय के लोगों को गरिमापूर्ण और सुरक्षित सुविधा मिल सकेगी।
इसके अलावा ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों के राशन कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, ताकि वे सभी सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए स्वयं सहायता समूह की दीदियों का भी सहयोग लिया जा रहा है।
उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने कहा कि जिला प्रशासन ट्रांसजेंडर समुदाय के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आगे भी हर संभव प्रयास जारी रखे जाएंगे।

