बिहार राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय सिन्हा जमीन विवाद खत्म करने के प्रयास में लगे हुए हैं। हालांकि, भूमि विवाद में हिंसक घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। इस बीच पटना रविवार देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में रविवार रात एक शादी समारोह में दो सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
रिसेप्शन पार्टी के बाहर गोलियों से भूना
बताया जा रहा है कि घटना रविवार रात करीब 9:15 बजे की है, जब शाहपुर के रहने वाले राजकिशोर राय के बेटे मनीष और मंजीत एक पड़ोसी के रिसेप्शन में शामिल होने गए थे। पार्टी के दौरान ही कुछ लोगों से उनकी बहस हुई थी। जैसे ही दोनों भाई खाना खाकर बाहर निकले, पहले से तैयार अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ 20 गोलियां चला दीं। मनीष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मंजीत ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
अपराधियों की हुई पहचान
पटना पूर्व के पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हत्या का कारण पुराना विवाद हो सकता है। जहां जमीन-जायदाद से संबंधित मामला हो सकता है। अपराधियों की पहचान हो गई है।
40 वर्ष पुराना जमीन विवाद
मृतक मनीष और मंजीत के पिता ने बताया कि 6 एकड़ 56 डिसमिल जमीन का पास के कृष्णा राय और प्रेम राय, जो दोनों भाई हैं, उनसे 40 वर्ष पुराना विवाद चल रहा था। गोपालपुर थाना पुलिस समेत डीएसपी, एसपी, आईजी, डीआईजी सभी लोग इस बात को जानते हैं। मामला कोर्ट में था और करीब चार से पांच महीने पहले कोर्ट ने उनके पक्ष में फैसला दे दिया था। जिसके बाद से कृष्णा राय और प्रेम राय, दोनों भाई और उनके बेटे एवं परिवार बौखलाए हुए थे।

