बिहार में नए सीएम पर जारी सस्पेंस के बीच चर्चा में चिराग, पटना में लगे पोस्टर, सीएम बनाने की मांग

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए नामांकन कर दिया है। नीतीश के राज्यसभा जानें की संभावनाओं के बीच नए सीएम के नाम की चर्चा जोरों पर है। इसी बीच एनडीए के भीतर से ही एक नई राजनीतिक मांग सामने आई है। बिहार की राजधानी पटना की सड़कों पर लगे पोस्टरों ने बिहार की राजनीति में नई हलचल मचा दी है। दरअसल, लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान को राज्य का सीएम बनाने की मांग उठ गई है।

पोस्टर से पटा पटना

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के पोस्टरों ने एक बार फिर पटना की सड़कों पर हलचल मचा दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्य सभा जाने की आधिकारिक पुष्टि और उनके नामांकन के बाद, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कार्यकर्ताओं ने पटना के इनकम टैक्स गोलचक्कर, डाक बंगला चौराहा और गांधी मैदान जैसे इलाकों में चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की मांग वाले पोस्टर लगाए हैं।

मोदी के हनुमान चिराग होंगे बिहार के नए सरताज!

एलजेपी(रामविलास) शेखपुरा के जिला अध्यक्ष इमाम ग़ज़ाली द्वारा लगाए गए इन पोस्टरों में बहुत ही अग्रेसिव और इमोशनल नारे इस्तेमाल किए गए हैं। पोस्टरों पर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा है, ‘ना दंगा हो ना फसाद हो, बिहार का CM सिर्फ चिराग हो! सजाओ इनके सर पर ताज, तभी आयेगा बिहार में स्वर्ण काल…, मोदी जी का मिला अपने हनुमान को आशीर्वाद चिराग होंगे बिहार के नए सरताज।’

नीतीश के राज्यसभा के लिए नामांकन के बाद बढ़ी हलचल

पोस्टर में आगे लिखा है, ‘बिहार मांगे चिराग, वक्त अब आ गया है युवा मुख्यमंत्री बनाने का, एनडीए की होगी सरकार, सीएम होगा सिर्फ चिराग, सिर्फ चिराग। बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट।’ ये पोस्टर ऐसे समय में आए हैं जब नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए अपना नॉमिनेशन फाइल किया है। 

क्या चिराग बनेंगे नए मुख्यमंत्री?

पटना की सड़कों पर इन पोस्टरों ने न सिर्फ चर्चा बढ़ाई है, बल्कि आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव की संभावना भी जगा दी है। क्या चिराग पासवान वाकई बिहार के नए मुख्यमंत्री बन पाएंगे? यह सवाल अब हर किसी के जेहन में है.

खुद को मोदी का ‘हनुमान’ कहते हैं

बता दें कि चिराग पासवान, जो खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘हनुमान’ कहते हैं, हाल के वर्षों में बिहार की राजनीति में मजबूत पकड़ बना चुके हैं। 2025 के विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी ने एनडीए के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया था। जहां उन्होंने कई सीटों पर अच्छा प्रदर्शन किया और खुद को ‘बिहार के एक बड़े राजनेता’ के रूप में स्थापित कर लिया है।

Share This Article