नीतीश कुमार के इस्तीफे पर फफक कर रो पड़े अशोक चौधरी, बोले-देश में ऐसा कोई नेता होना मुश्किल

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। राज्यसभा चुनाव में निर्विरोध चुने जाने के बाद नीतीश कुमार ने विधानपरिषद सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। जिसे सभापति ने स्वीकार भी कर लिया है। नीतीश के इस इस्तीफे के बाद ये भी तय हो गया है कि जल्द ही बिहार की कमान अब दूसरे सीएम के हाथ में जाएगी। इसके बाद नीतीश समर्थकों में उदासी का माहौल है।

मीडिया के सामने हुए भावुक

नीतीश की इस्तीफे की खबर ने उनके करीबियों को झकझोर कर रख दिया है। नीतीश कुमार के सबसे करीबी नेताओं में से एक कहे जाने वाले मंत्री अशोक चौधरी इतने भावुक हो गए कि मीडिया के सामने खुद को संभाल नहीं पाए और कैमरे के सामने ही फफक कर रो पड़े। 

फूट-फूट कर रोए अशोक चौधरी

बिहार सरकार में मंत्री और विधानपरिषद सदस्य अशोक चौधरी से जब पत्रकारों ने प्रतिक्रिया लेनी चाही, तो वे खुद को संभाल नहीं सके। अशोक चौधरी इतने दुखी थे कि नीतीश के इस्तीफे का सवाल पूछे जाने पर उनकी आंखों से झर-झर आंसू बहने लगे। उनकी स्थिति देखकर पत्रकारों ने भी सवाल करना बंद कर दिया। अशोक चौधरी के रोने का वीडियो पत्रकारों ने कैमरे में रिकॉर्ड भी कर लिया।

देश में नीतीश जैसा कोई नहीं-अशोक चौधरी

कुछ देर बाद खुद को संभालते हुए अशोक चौधरी ने कहा कि ‘देश में नीतीश कुमार जैसा दूसरा नेता होना मुश्किल है।’ ये तो बाध्यता थी कि राज्यसभा चुनाव में निर्वाचन के बाद उन्हें इस्तीफा देना ही था। 12 साल से हम सदन में हैं। 12 साल से उनका स्नेह हमें मिला। जब हम कांग्रेस अध्यक्ष थे तब भी उनका प्यार मिला। नीतीश जी बड़े नेता हैं, सम्मानित व्यक्ति हैं, पूरे प्रदेश के अभिभावक हैं। घोर से घोर विरोधी के प्रति भी सम्मान और स्नेह रखना, उनके व्यक्तिगत कार्य की चिंता करना, ये बड़ी बात है।’

सदन अब उनके बिना सूना होगा-अशोक चौधरी

अशोक चौधरी ने रुंधे गले से कहा कि ‘सदन अब उनके बिना सूना होगा। सदन में अब उनकी वो डांट-फटकार नहीं सुनाई देगी। वे केवल एक नेता नहीं, बल्कि हम सबके अभिभावक थे। वो नए मंत्रियों को गाइड करते थे और जब कोई मंत्री कहीं फंस जाता था, तो उसे बेल आउट (बचाव) भी वही करते थे। उनकी हर विभाग पर पकड़ थी।’

न नीतीश कुमार पैदा हुआ था…न पैदा होगा-अशोक चौधरी

मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार ने विकास की लकीर खींची थी। अब जो भी व्यक्ति आएगा उसके लिए बड़ी चुनौती होगी। उनकी तरह काम करना। हमको नहीं लगता है कि उस तरह की सोच वाले नेता नए जेनरेशन में आएंगे। उन्होंने कहा कि न नीतीश कुमार पैदा हुआ था न नीतीश कुमार कोई पैदा होगा।

Share This Article