बिहार छोड़ने का मन बना चुके नितीश कुमार : अब दिल्ली में ही करेंगे नई सियासी पारी की शुरुआत

KK Sagar
2 Min Read
Oplus_131072

बिहार की सियासत में आज एक बड़ा मोड़ आ गया है। लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद संभालने वाले नितीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेकर संकेत दे दिया है कि अब उनकी सक्रिय भूमिका दिल्ली की राजनीति में होगी। उनके इस फैसले के बाद बिहार में सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया तेज हो गई है।

दिल्ली में शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार ने साफ कर दिया कि वह अब बिहार छोड़कर राष्ट्रीय राजनीति पर ध्यान देंगे और दिल्ली में ही रहेंगे। बताया जा रहा है कि द्वारका में उनका खुद का फ्लैट भी है, जहां से वे अपनी नई राजनीतिक पारी शुरू करेंगे।

इस बीच नीतीश कुमार पटना लौट आए हैं और अब उनके अगले कदम पर सभी की नजर टिकी है। माना जा रहा है कि जल्द ही वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं, जिसके बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी। सूत्रों के अनुसार, सम्राट चौधरी को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। 15 अप्रैल को नई सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारी भी चल रही है।

वहीं दूसरी ओर, जनता दल (United) के कार्यकर्ताओं में हलचल के साथ नाराजगी भी देखी जा रही है। पटना स्थित पार्टी कार्यालय में सन्नाटा पसरा हुआ है और कार्यकर्ता अपने भविष्य को लेकर असमंजस में हैं।

दिलचस्प बात यह है कि जदयू के कई कार्यकर्ता निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं। पटना के विभिन्न इलाकों में पोस्टर और बैनर लगाकर कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार से अपील की है कि वे अपने बेटे निशांत कुमार को अगला मुख्यमंत्री घोषित करें।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि बिहार की कमान किसके हाथ में जाएगी—क्या नीतीश कुमार अपने फैसले पर कायम रहेंगे या फिर कोई नया राजनीतिक समीकरण सामने आएगा? आने वाला सप्ताह बिहार की राजनीति के लिए बेहद निर्णायक साबित होने वाला है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....