जुगसलाई में नशे के सौदागर का भंडाफोड़, झोलाछाप डॉक्टर के घर और दुकान से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: लौहनगरी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। जुगसलाई थाना क्षेत्र के गौरीशंकर रोड स्थित पटनिया मोहल्ला में पुलिस ने छापेमारी कर एक ऐसे झोलाछाप डॉक्टर को गिरफ्तार किया है, जो इलाज की आड़ में युवाओं को नशे की गर्त में धकेल रहा था।

गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
​सीसीआर डीएसपी मनोज कुमार ठाकुर के अनुसार एसएसपी को सटीक जानकारी मिली थी कि जुगसलाई इलाके में ‘कोरेक्स’ जैसी नशीली दवाओं की धड़ल्ले से बिक्री हो रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी गुलाम रव्वानी के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम बनाई गई।

दुकान और घर दोनों जगह चल रहा था ‘काला खेल’
​पुलिस टीम ने जब आरोपी मो. मुमताज की किराना दुकान पर धावा बोला, तो वहां से उसे हिरासत में ले लिया गया। कड़ाई से पूछताछ के बाद जब उसके घर की तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। आरोपी ने घर में दवाओं का बड़ा जखीरा छिपा रखा था।

Advertisement

बरामदगी की लिस्ट
​ब्रोन्कोफ सिरप: 74 पीस
​निटकार 10 टैबलेट: 770 पीस

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
​जांच में पुष्टि हुई है कि इन दवाओं का इस्तेमाल सामान्य इलाज के लिए नहीं, बल्कि नशे के तौर पर किया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट 1985 और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। गौर करने वाली बात यह है कि कुछ दिन पहले भी इसी इलाके के एक ट्रांसपोर्ट गोदाम से कफ सिरप बरामद किया गया था। पुलिस की यह कार्रवाई स्पष्ट संकेत है कि शहर में सक्रिय ड्रग सिंडिकेट अब पुलिस के रडार पर है।

Share This Article