कोलकाता: चुनाव आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए डायमंड हार्बर पुलिस जिले के पांच पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। इन अधिकारियों पर पहले चरण के चुनाव में पक्षपात करने और निष्पक्षता बनाए रखने में विफल रहने का आरोप है। आयोग ने सभी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश भी दिए हैं।
निलंबित किए गए अधिकारियों में संदीप गराई (ASP), सजल मंडल (SDPO), मौसम चक्रवर्ती (इंस्पेक्टर-इन-चार्ज, डायमंड हार्बर थाना), अजय बाग (इंस्पेक्टर-इन-चार्ज, फलता थाना) और शुभेच्छा बाग (ऑफिसर-इन-चार्ज, उस्थी थाना) शामिल हैं।
इसके अलावा, डायमंड हार्बर की SP इशानी पाल को भी आयोग ने चेतावनी जारी की है। उन पर अधीनस्थ अधिकारियों के बीच अनुशासन और निष्पक्षता सुनिश्चित करने में कथित विफलता का आरोप है। आयोग ने निर्देश दिया है कि इस कार्रवाई को तुरंत लागू किया जाए और शनिवार सुबह 11 बजे तक अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
इससे पहले, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने जानकारी दी थी कि पहले चरण के मतदान में पश्चिम बंगाल ने रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया है। शाम 6 बजे तक 91.91 प्रतिशत मतदान हुआ, जो आज़ादी के बाद अब तक का सबसे अधिक माना जा रहा है।
राज्य के कई जिलों में 90 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। दक्षिण दिनाजपुर 94.85% के साथ सबसे आगे रहा, इसके बाद कूच बिहार (94.54%), बीरभूम (93.70%), जलपाईगुड़ी (93.23%) और मुर्शिदाबाद (92.93%) का स्थान रहा।
बता दें कि पश्चिम बंगाल की शेष 142 सीटों पर मतदान 29 मई को होगा, जबकि वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी।

