बिहार के सिवान में रोड रेज की मामूली घटना ने बड़े खूनी रूप ले लिया।जहां कार सवार बेखौफ बदमाशों ने पिता-पुत्र पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस खूनी खेल में पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हैं। मृतक हर्ष सिंह पूर्व एमएलसी और बीजेपी नेता मनोज सिंह का भांजा और गंभीर रूप से घायल चंदन सिंह बहनोई बताए जा रहे हैं।
मामूली सड़क विवाद में हिंसक गोलीबारी
यह घटना सीवान के टाउन थाना क्षेत्र के अंतर्गत लक्ष्मीपुर-आंदर ढाला ओवरब्रिज के पास हुई। चंदन सिंह अपने बेटे हर्ष कुमार सिंह के साथ तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में अन्य परिजनों का इंतजार करते समय लगभग शाम 6:30 बजे उनकी गाड़ी की दूसरी कार से हल्की टक्कर हो गई। इसके बाद शुरू हुआ मामूली विवाद जल्द ही बढ़कर हिंसक झड़प में बदल गया।
युवक नो मौके पर ही तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों में शुरू हुई बहस देखते-देखते इतनी बढ़ गई कि दूसरे पक्ष के लोगों ने चंदन सिंह और उनके बेटे हर्ष पर गोली चला दी। इस अंधाधुंध फायरिंग में हर्ष कुमार सिंह को कई गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। चंदन सिंह को भी गोली लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पहले उन्हें स्थानीय स्तर पर इलाज दिया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। एसपी पुरन कुमार झा, एसडीपीओ अजय कुमार सिंह और नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस टीम सदर अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई। एसडीपीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि हमलावरों की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है

