धनबाद: कोयलांचल की धरती पर लंबे समय से सक्रिय रंगदारी और गैंगवार के खेल को धनबाद पुलिस ने बड़ा झटका दिया है। कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के बेहद करीबी और उसके नेटवर्क के मास्टरमाइंड सैफी अब्बास उर्फ ‘मेजर’ को रिमांड पर लेकर पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। इस पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं।
नेटवर्क में सफेदपोश, पत्रकार सहित कई लोग
सूत्रों के अनुसार, ‘मेजर’ ने करोड़ों रुपये की रंगदारी वसूली, हवाला के जरिए विदेशों में पैसे भेजने और जमीन के अवैध कारोबार से जुड़े राज उगले हैं। पुलिस को शक है कि इस पूरे नेटवर्क में कई सफेदपोश, कथित पत्रकार, कोयला कारोबारी और स्थानीय प्रभावशाली लोग शामिल हैं, जिनके चेहरे जल्द बेनकाब हो सकते हैं।
जांच के दौरान एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, धनबाद के करीब 50–60 ऐसे व्यवसायी हैं जो कथित तौर पर प्रिंस खान के नेटवर्क तक नियमित रूप से जुड़े थे। इतना ही नहीं, प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कुछ लोग तथा तथाकथित पत्रकारों की भूमिका भी जांच के दायरे में बताई जा रही है, जो कारोबारियों के नंबर उपलब्ध कराने में सहयोग करते थे।
इसके अलावा जमीन कारोबार से जुड़े लोगों की संलिप्तता की बात भी सामने आई है। खासकर बरवड्डा क्षेत्र में जमीन पर कब्जा कर उसे ऊंचे दामों पर बेचने का संगठित खेल चलने की आशंका जताई जा रही है।
दो दिनों के रिमांड पर लिए गए ‘मेजर’ से पूछताछ में इन तमाम पहलुओं पर अहम जानकारी मिली है। वहीं, कोलकाता में उसके एक रेस्टोरेंट से जुड़े होने की बात भी जांच में सामने आई है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े कई और चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।
रंगदारी वसूलने का पूरा ऑपरेशन मेजर के हाथ में
जांच में यह भी सामने आया है कि ‘मेजर’ दुबई में बैठे गैंगस्टर प्रिंस खान और धनबाद के व्यापारियों के बीच एक अहम कड़ी था। वह धमकी भरे ऑडियो-वीडियो भेजकर दहशत फैलाने और रंगदारी वसूलने का पूरा ऑपरेशन संभालता था।
पुलिस कर रही है गहराई से जांच
पुलिस इस बात की भी गहराई से जांच कर रही है कि ‘मेजर’ को दुबई में रहने और नेटवर्क चलाने के लिए फंडिंग कहां से मिल रही थी। इसके तार हवाला नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे हैं।
अमन सिंह के बाद पैसा प्रिंस खान के नेटवर्क तक
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि पहले कई व्यापारी अमन सिंह को रंगदारी देते थे, लेकिन उसकी हत्या के बाद यह पैसा सीधे प्रिंस खान के नेटवर्क तक पहुंचने लगा। ऐसे में पुलिस इस पूरे मामले को अमन सिंह हत्याकांड से जोड़कर भी देख रही है।
इतना ही नहीं, ‘मेजर’ के एक प्रतिष्ठित डॉक्टर से संबंध होने की भी चर्चा है, जिसने कथित तौर पर उसे धनबाद से दुबई भागने में मदद की थी।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है और उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई बड़े नामों का खुलासा हो सकता है।

