बिहार के सीवान जिले में सोमवार सुबह पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले के रघुनाथपुर विधानसभा सीट से राष्ट्रीय जनता दल के विधायक ओसामा शहाब के ठिकानों पर पुलिस की बड़ी छापेमारी हुई है। ओसामा शहाब के प्रतापपुर और नई किला स्थित आवासों पर भारी पुलिस बल ने छापेमारी की, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
डीआईजी नीलेश कुमार के नेतृत्व रेड
छापेमारी की कार्रवाई सारण के डीआईजी नीलेश कुमार और एसपी पुरन कुमार झा के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने हुसैनगंज थाना इलाके के प्रतापपुर स्थित पैतृक आवास और नगर थाना इलाके के नया किला स्थित घर पर एक साथ दबिश दी। सिवान स्थित आवास पर करीब 40 मिनट तक सघन तलाशी ली गई। छापेमारी के बाद डीआईजी नीलेश कुमार ने साफ शब्दों में कहा कि सिवान के भू माफिया अब शहर छोड़ दें, क्योंकि पुलिस उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के मूड में है।
कई अहम सुराग और सबूत हाथ लगे
डीआईजी निलेश कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग और सबूत मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि इस कार्रवाई के दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी और विधायक ओसामा साहब भी पुलिस के हाथ नहीं लगे। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस अधिकारियों के अनुसार 15 अप्रैल को एक डॉक्टर दंपति सुधा सिंह ने जमीन पर जबरन कब्जा करने और रंगदारी मांगने का मामला दर्ज कराया था। इसी मामले में जांच के दौरान कई अहम सबूत पुलिस के हाथ लगे हैं। इनमें पूर्व बाहुबली सांसद शहाबुद्दीन के बेटे और विधायक ओसामा साहब का नाम भी सामने आया है। इसके बाद न्यायालय से वारंट जारी होने पर पुलिस ने उनके आवासों पर छापेमारी की।

