चीनी निर्यात पर केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, सितंबर 2026 तक लगा बैन

KK Sagar
2 Min Read

नई दिल्ली: देश में बढ़ती महंगाई और घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने तत्काल प्रभाव से चीनी के निर्यात पर सितंबर 2026 तक रोक लगा दी है। यह प्रतिबंध कच्ची, सफेद और रिफाइंड चीनी के निर्यात पर लागू रहेगा।

विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, यह फैसला 30 सितंबर 2026 या अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। सरकार का कहना है कि घरेलू बाजार में चीनी की कीमतों को नियंत्रित रखने और पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में चीनी की कीमतों में तेजी और वैश्विक आपूर्ति शृंखला पर असर के कारण भारत से निर्यात बढ़ने की आशंका थी। ऐसे में त्योहारों के मौसम से पहले सरकार कोई जोखिम नहीं लेना चाहती।

हालांकि इससे पहले सरकार ने 2025-26 सीजन के लिए सीमित मात्रा में चीनी निर्यात की अनुमति दी थी, लेकिन अब घरेलू जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए निर्यात पर रोक लगाने का फैसला लिया गया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि सरकार के इस कदम से घरेलू बाजार में चीनी की कीमतों पर नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी और आम लोगों को राहत मिल सकती है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....