पटना में ‘ऑपरेश लंगड़ा’ के तहत फिर एनकाउंटर, शिक्षक पर फायरिंग का आरोपी मुठभेड़ में घायल

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार में बेखौफ अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ लगातार जारी है। इसी ऑपरेशन के तहत पुलिस ने भागवत नगर शिक्षक लूट कांड के मुख्य आरोपी को एक मुठभेड़ के दौरान धर दबोचा है। पटना के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में हाईवे से सटे गेल सीएनजी पेट्रोल पंप के पास सुबह-सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें एक वांछित अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे आरोपी को मौके से दबोच लिया गया।

लूटकांड के दो लुटेरों को पुलिस ने घेरा

पटना पुलिस का ये ऑपरेशन ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में हुआ। यहां पुलिस एक लूटकांड के मामले की तफ्तीश करते हुए दो लुटेरों तक जा पहुंची। इनमें से एक का नाम संदीप उर्फ बादल है, जबकि दूसरे अपराधी का नाम प्रिंस कुमार। पुलिस ने दोनों को अगमकुआं थाना इलाके के ट्रांसपोर्ट नगर में ही घेर लिया।

एनकाउंटर में एक अपराधी जख्मी

इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक गोली पुलिस वाहन को लगी। इसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी संदीप उर्फ बादल घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में शामिल दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त हथियार और बाइक भी बरामद कर ली गई है।

13 मई को सरकारी टीचर को लूटपाट में मारी थी गोली

बता दें कि अगमकुआं थाना क्षेत्र के भागवत नगर चौक के पास मोबाइल स्नेचिंग के दौरान बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने एक शिक्षक को गोली मारकर घायल कर दिया। 13 मई को हुई इस घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच और मानवीय सूचनाओं के आधार पर अपराधियों की पहचान की। इसके बाद एक आरोपी की लोकेशन मिलने पर पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की।

Share This Article