मुजफ्फरपुर में ट्रेनों पर पथराव, 90 मिनट में वंदे भारत एक्सप्रेस सहित तीन ट्रेनों पर पथराव

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार के मुजफ्फरपुर में रेल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली बड़ी घटना सामने आई है। मुजफ्फरपुर में रविवार शाम महज डेढ़ घंटे के भीतर तीन प्रमुख ट्रेनों पर एक के बाद एक पथराव की घटनाएं सामने आई हैं। इस दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस के तीन कोचों के शीशे आंशिक रूप से टूट गए।

वंदे भारत समेत तीन ट्रेनों को बनाया निशाना

रविवार की शाम अपराधियों और उपद्रवियों ने दुस्साहस दिखाते हुए महज डेढ़ घंटे के भीतर एक के बाद एक तीन ट्रेनों को अपना निशाना बनाया। उपद्रवियों ने मुजफ्फरपुर जंक्शन और रामदयालु नगर स्टेशन के बीच ट्रेनों को निशाना बनाया। सबसे पहले ट्रेन संख्या 26501 पाटलिपुत्र–गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस पर मझौलिया और खबरा के पास अचानक पथराव किया गया, जिससे ट्रेन के तीन कोचों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। इससे पहले ही इसी रूट पर चल रही ट्रेन संख्या 15550 पटना–जयनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 14006 लिच्छवी एक्सप्रेस पर भी पथराव किया गया।

रेल महकमे में मचा हड़कंप

महज डेढ़ घंटे के भीतर तीन ट्रेनों पर हुए इस हमले से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।तीन बड़ी ट्रेनों पर पथराव की इस गंभीर घटना के बाद रेल महकमे में हड़कंप मच गया है। आरपीएफ के आला अधिकारी तुरंत एक्शन में आ गए हैं।

सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से पहचान की कोशिश

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर आरपीएफ और हाजीपुर आरपीएफ की टीमें तुरंत हरकत में आ गईं और घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों के अनुसार, वंदे बारत एक्सप्रेस में सुरक्षा के लिहाज से लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि पत्थरबाजों की पहचान की जा सके।

Share This Article