देश में लगातार बढ़ती महंगाई ने अब आम लोगों की रसोई पर एक और बड़ा असर डाल दिया है। पेट्रोल-डीजल और दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब ब्रेड भी महंगी हो गई है। रोजाना नाश्ते में इस्तेमाल होने वाली ब्रेड के दाम अचानक बढ़ने से आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है।
14 मई को दूध के दाम प्रति लीटर 2 रुपये बढ़ने के बाद अब ब्रेड कंपनियों ने भी कीमतों में इजाफा शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार मॉडर्न ब्रेड ने अपने बेसिक ब्रेड वेरिएंट्स के दाम में सीधे 5 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है, जिसे अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि माना जा रहा है। बाजार में चर्चा है कि जल्द ही Britannia Industries और Wibs जैसी कंपनियां भी कीमतें बढ़ा सकती हैं।
नई कीमतों के मुताबिक 400 ग्राम सैंडविच ब्रेड अब 40 रुपये से बढ़कर 45 रुपये हो गई है। होल व्हीट ब्रेड 55 से 60 रुपये और मल्टीग्रेन ब्रेड 60 से बढ़कर 65 रुपये तक पहुंच गई है। वहीं छोटे ब्राउन ब्रेड की कीमत 28 से 30 रुपये और व्हाइट ब्रेड 20 से बढ़कर 22 रुपये हो गई है। ब्राउन ब्रेड के दाम भी अब 50 रुपये तक पहुंचने लगे हैं।
बेकरी कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि बढ़ती परिवहन लागत, आयातित प्लास्टिक पैकेजिंग सामग्री की महंगाई और रुपये में गिरावट के कारण उत्पादन खर्च तेजी से बढ़ा है। इंडिया बेकर्स एसोसिएशन से जुड़े बेकरी संचालकों के अनुसार प्रिजर्वेटिव्स, नमक और अन्य कच्चे माल की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिसका सीधा असर ब्रेड के दामों पर पड़ रहा है।
आम लोगों का कहना है कि पहले कंपनियां 2-3 रुपये की मामूली बढ़ोतरी करती थीं, लेकिन अब सीधे 5 रुपये तक कीमत बढ़ाई जा रही है। लगातार बढ़ती महंगाई से मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ता जा रहा है। अब रसोई से लेकर सफर तक हर चीज महंगी होती जा रही है, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।

