आसनसोल में STF का बड़ा ऑपरेशन: मुंगेर से हथियार लाकर गैंगों को सप्लाई करने वाले दो तस्कर गिरफ्तार

KK Sagar
2 Min Read

पश्चिम बंगाल के आसनसोल में STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतर्राज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। मंगलवार देर रात लोको मैदान के पास चलाए गए विशेष अभियान में दो आर्म्स डीलरों को गिरफ्तार किया गया, जो बिहार के मुंगेर से अवैध हथियार लाकर आसनसोल के आपराधिक गिरोहों तक पहुंचाने की तैयारी में थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फिरोज खान और मोहम्मद सोनू के रूप में हुई है। दोनों को बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 7 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

छापेमारी के दौरान STF और आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस ने आरोपियों के पास से दो 9 एमएम पिस्टल, दो पाइप गन, 30 राउंड जिंदा कारतूस और नकदी बरामद की। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह हथियार बड़ी आपराधिक वारदातों में इस्तेमाल किए जा सकते थे, लेकिन उससे पहले ही STF ने जाल बिछाकर पूरे नेटवर्क पर बड़ा वार कर दिया।

पुलिस का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो इलाके में अपराध और कानून व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ सकता था। मामले की जांच अब पूरे हथियार सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचाने के लिए तेज कर दी गई है।

अधिकारियों के अनुसार, राज्यभर में चलाए जा रहे अभियान के दौरान अब तक 10 आग्नेयास्त्र, जिनमें 7 एमएम की 8 पिस्टल शामिल हैं, और 150 राउंड गोलियां बरामद की जा चुकी हैं। अलग-अलग इलाकों से कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

इधर Purulia के झालदा थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए झारखंड के तीन बदमाशों को एक हथियार और चार कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी डकैती की साजिश रच रहे थे।

पूरे अभियान में STF अधिकारियों बिस्वरूप राय, सफीकुल इस्लाम और धीमान दत्त की अहम भूमिका रही। पुलिस अब इस हथियार तस्करी नेटवर्क के मुख्य सरगना और उससे जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....