बिहार में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू को देखते हुए अब स्कूलों में तत्काल ग्रीष्म अवकाश घोषित करने की मांग तेज हो गई है। बिहार अभिभावक महासंघ ने मुख्यमंत्री और शिक्षा विभाग को पत्र भेजकर राज्य के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में तत्काल अवकाश घोषित करने की मांग की है।
महासंघ के अध्यक्ष शेखर सिन्हा द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि राज्य के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि कुछ स्थानों पर यह 47 डिग्री के करीब दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग द्वारा हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
पत्र में विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है। कहा गया है कि ऐसी भीषण गर्मी में स्कूलों का संचालन जारी रहने से बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, बेहोशी जैसी समस्याओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
अभिभावक महासंघ ने सरकार से अनुरोध किया है कि पूर्व निर्धारित 1 जून से 20 जून तक के ग्रीष्म अवकाश में संशोधन करते हुए अविलंब स्कूलों में छुट्टी घोषित की जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
महासंघ ने बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस मामले में जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।

