धनबाद मंडल में रेलवे प्रशासन द्वारा बड़े पैमाने पर मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। बुधवार 21 मई 2026 को आयोजित इस विशेष अभियान के तहत दिन-रात विभिन्न स्टेशनों और मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में सघन जांच की गई। अभियान सुनियोजित तरीके से चलाया गया, जिसमें बिना टिकट यात्रा करने वालों, बिना उचित प्राधिकार यात्रा करने वालों तथा बिना बुक किए सामान के साथ यात्रा कर रहे यात्रियों पर कार्रवाई की गई।
जांच अभियान के दौरान कुल 1570 यात्रियों को पकड़ा गया। रेलवे अधिकारियों ने इन यात्रियों से जुर्माने के रूप में कुल 10,03,235 रुपये की राशि वसूली। साथ ही सभी यात्रियों को भविष्य में उचित टिकट लेकर यात्रा करने की कड़ी हिदायत दी गई।
रेलवे की चेकिंग टीमों ने विभिन्न स्टेशनों के अलावा कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में भी जांच अभियान चलाया। इस दौरान स्टेशन के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली।
धनबाद मंडल, पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्लेटफॉर्म में प्रवेश करने से पहले वैध टिकट अवश्य लें और जिस श्रेणी का टिकट हो उसी श्रेणी में यात्रा करें। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

