अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास शनिवार रात अचानक गोलीबारी से हड़कंप मच गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, व्हाइट हाउस परिसर के नजदीक 17th स्ट्रीट और पेनसिल्वेनियाएवेन्यू NW इलाके में करीब 30 राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनी गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, एक संदिग्ध बंदूकधारी ने व्हाइट हाउस के बाहर बने सुरक्षा बूथ पर फायरिंग शुरू कर दी, जहां सीक्रेट सर्विस के अधिकारी तैनात थे। जवाबी कार्रवाई में सीक्रेट सर्विस के जवानों ने भी गोली चलाई, जिसमें संदिग्ध हमलावर घायल हो गया।
मुठभेड़ में दो लोगों को गोली लगी
अमेरिकी एजेंसियों के मुताबिक, सीक्रेट सर्विस की यूनिफॉर्म डिवीजन को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति हथियार चला रहा है। जब अधिकारी मौके पर पहुंचे, तो मुठभेड़ हुई और दो लोगों को गोली लगी। हमला करने वाले व्यक्ति की पहचान नसीरे बेस्ट के रूप में हुई जो पहले से सीक्रेट सर्विस एजेंसियों के रडार पर था। वहीं मुठभेड़ में एक आम आदमी को गोली लगी। यह भी साफ नहीं है कि क्या अमेरिकी राष्ट्रपति को निशाना बनाने की कोशिश हुई थी?
व्हाइट हाउस में मौजूद थे डोनाल्ड ट्रंप
गोलीबारी के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर ही मौजूद थे। कानून प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि यह घटना उस समय हुई, जब सीक्रेट सर्विस के यूनिफॉर्म्ड डिवीजन के अधिकारी हथियार से गोली चलाने वाले एक व्यक्ति की रिपोर्ट पर कार्रवाई कर रहे थे। घटना के बाद इलाके को सीज कर दिया गया और सीक्रेट सर्विस ने तुरंत कार्रवाई की।
एफबीआई निदेशक काश पटेल ने जारी किया बयान
इस घटना पर एफबीआई निदेशक काश पटेल ने भी बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि अधिकारी गोली चलने की घटना पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं और जैसे-जैसे जानकारी सामने आएगी, जनता को अपडेट दिया जाएगा। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के संचार कार्यालय ने एक पोस्ट में बताया कि, ‘शनिवार शाम 6 बजे के कुछ ही समय बाद, 17वीं स्ट्रीट और पेनसिल्वेनिया एवेन्यू के इलाके में एक व्यक्ति ने अपने बैग से हथियार निकाला और गोलीबारी शुरू कर दी। सीक्रेट सर्विस पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें संदिग्ध को गोली लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। गोलीबारी के दौरान एक राहगीर को भी गोली लगी… घटना के समय राष्ट्रपति व्हाइट हाउस में मौजूद थे’।
एक महीने पहले भी हुई ऐसी घटना
यह घटना ऐसे समय हुई है जब एक महीने पहले भी व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान गोलियां चलने से हड़कंप मचा था। उस मामले में आरोपी शॉटगन लेकर सिक्योरिटी चेकपॉइंट तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था और उस पर ट्रंप की हत्या की कोशिश का केस चल रहा है।

