सिमडेगा पुलिस एसोसिएशन अध्यक्ष पर दुर्व्यवहार का आरोप, एसपी ने जांच के दिए आदेश

KK Sagar
2 Min Read

सिमडेगा, 31 मई। सिमडेगा पुलिस लाइन के गेस्ट हाउस में ठहरे एक एएसआई और उनके परिवार के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। मामले में सिमडेगा पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं एसआई रजनीश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस अधीक्षक द्वारा विभागीय जांच के आदेश दिए जाने की जानकारी सामने आई है।

प्राप्त शिकायत के अनुसार, संबंधित एएसआई अपने परिवार के साथ मां बांदुर्गा मंदिर एवं रामरेखा धाम में पूजा-अर्चना के लिए सिमडेगा आए थे। रात्रि विश्राम हेतु उन्हें वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस लाइन स्थित गेस्ट हाउस में ठहराया गया था।

आरोप है कि 16 मई 2026 की देर रात करीब 1 बजे एसआई रजनीश कुमार एक अन्य एसआई के साथ गेस्ट हाउस पहुंचे और वहां ठहरे एएसआई से पूछताछ करने लगे। शिकायत में कहा गया है कि एएसआई द्वारा अपना परिचय देने और अधिकारियों के निर्देश पर ठहरने की जानकारी देने के बावजूद कथित रूप से उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।

पीड़ित एएसआई ने लिखित शिकायत में आरोप लगाया है कि गाली-गलौज की गई तथा गेस्ट हाउस में जबरन प्रवेश करने का प्रयास किया गया। साथ ही घटना का वीडियो बनाए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिस अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।

फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और जांच जारी है। इसलिए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....