ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद के भाई की संदिग्ध हालात में मौत, खान सर कोचिंग हमले में था आरोपी

Neelam
By Neelam
3 Min Read

खान सर कोचिंग फायरिंग केस से जुड़ी बड़ी खबर है। ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध मौत हो गई है। बता दें कि प्रिंस खान सर की कोचिंग पर फायरिंग के मामले में फरार चल रहा था। वह नेपाल के विराट नगर के एक होटल में छिपा था जहां उसकी संदिग्ध मौत हो गई है।

पटना में चर्चित शिक्षक खान सर और रोशन आनंद सर कुछ दिनों से लगातार सुर्खियों में है। कोचिंग संस्थान पर हमला मामले में ज्ञानबिंदु कोचिंग सेंटर के डायरेक्टर रोशन आनंद अभी जेल में हैं। वहीं कई दिनों तक गिरफ्तारी की तलवार लटकने के बाद खान सर को अग्रिम जमानत मिल गई है। इस बीच नेपाल ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के डायरेक्टर रोशन आनंद के भाई प्रिंस की मौत हो गई है।

एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

प्रिंस कुमार यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। यह घटना 13 जून की देर रात हुई। सूत्रों के मुताबिक, प्रिंस यादव कुछ अन्य युवकों के साथ होटल में ठहरे हुए थे, जो भारत-नेपाल सीमा से महज तीन किलोमीटर दूर है।

प्रिंस की हत्या का आरोप लग रहा

घटना के बाद नेपाल पुलिस ने मौके पर मौजूद करीब छह युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, जिसके कारण मामले को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। परिजन और रौशन आनंद के समर्थक प्रिंस की हत्या का आरोप लगा रहे हैं।

खान सर कोचिंग हमले में दर्ज थी एफआईआर

पटना में खान सर कोचिंग विवाद केस में प्रिंस यादव के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई थी। फैजल खान उर्फ खान सर की कोचिंग खान ग्लोबल का मैनेजमेंट देखने वाले कन्हैया ने रौशन आनंद, प्रिंस पर कोचिंग पर हमला करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। इस मामले में प्रिंस नामजद आरोपी था। केस दर्ज होने के बाद से वह फरार बताए जा रहे थे। पुलिस प्रिंस की तलाश कर रही थी।

Share This Article