जस्टिस सूर्यकांत ने ‘कॉकरोच’ के बाद किसे कहा परजीवी? बोले- समाज का हित इसी में कि ये जेल में रहें

Neelam
By Neelam
3 Min Read

भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत की तरफ से कुछ वक्त पहले दिए गए कॉकरोच वाले बयान पर देशभर में खूब बवाल हुआ था। अब सीजेआई ने एक मामले की सुनवाई करते हुए फिर से एक ऐसा ही बयान दे दिया है। सीजेआई सूर्यकांत की अगुवाई वाली बेंच कुछ बहुत ही गंभीर टिप्पणियां कीं और कहा कि समाज के हित में ऐसे लोगों को जेल के अंदर ही रहना चाहिए।

साइबर अपराधियों पर कड़ी टिप्पणी

रिपोर्ट के अनुसार साइबर ठगी के एक आरोपी की जमानत याचिका खारिज करते हुए चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने साइबर अपराधियों पर कड़ी टिप्पणी की। सुप्रीम कोर्ट की अवकाशकालीन बेंच ने बुधवार को साइबर फ्राड के आरोपी को राहत देने से इनकार करते हुए कहा कि ऐसे अपराधी देशभर में लोगों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की ठगी करते हैं।

‘आप जेल में ही रहो’

एएनआई के अनुसार जमानत याचिका खारिज करते हुए चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा, ‘आप लोग परजीवी हो, जो निवेशकों से करोड़ों रुपये ठग लेते हो। साइबर अपराधियों के प्रति हमें बेहद सख्त होना होगा। तुम्हारे शिकार पूरे देश में फैले होते हैं। तमिलनाडु में किसी को ठगते हो और फिर जम्मू में किसी और को निशाना बनाते हो। समाज के हित में यही है कि आप जेल में रहो।’

सीजेआई कर चुके हैं कॉकरोच वाली टिप्पणी

इससे पहले मई में इसी तरह से एक वकील सीनियर एडवोकेट का दर्जा पाने की अर्जी लेकर सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था। तब सीजेआई ने देश में कुछ ऐसे लोगों का मुद्दा उठाया था, जो बिना किसी जिम्मेदारी के एक्टिविज्म या मीडिया के काम के नाम पर महत्वपूर्ण संस्थानों पर निशाना साधते हैं। तब उन्होंने कहा था, ‘समाज में पहले से ही ऐसे परजीवी हैं, जो सिस्टम पर हमला करते हैं और आप उनके साथ जुड़ना चाहते हैं।’ सीजेआई सूर्यकांत ने आगे कहा था, ‘ऐसे युवा भी हैं, कॉकरोच की तरह, जिन्हें रोजगार नही मिलता या प्रमोशन में उनकी कोई जगह नहीं होती। उनमें से कुछ मीडिया बन जाते हैं, कुछ सोशल मीडिया बन जाते हैं, आरटीआई एक्टिविस्ट और अन्य एक्टिविस्ट बन जाते हैं और सभी पर हमला शुरू कर देते हैं।’

Share This Article