धनबाद के नए अपर समाहर्ता बने प्रदीप कुमार शुक्ला, संभाला पदभार

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद: धनबाद के नए अपर समाहर्ता (एडीएम) के रूप में प्रदीप कुमार शुक्ला ने गुरुवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। निवर्तमान अपर समाहर्ता विनोद कुमार ने उन्हें कार्यभार सौंपा। इस अवसर पर जिला प्रशासन के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा बुधवार देर शाम जारी प्रशासनिक पदाधिकारियों के स्थानांतरण आदेश के तहत धनबाद के अपर समाहर्ता विनोद कुमार का तबादला मेदिनीनगर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त के पद पर किया गया है। वहीं, कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग, रांची में उप सचिव के पद पर कार्यरत प्रदीप कुमार शुक्ला को धनबाद का नया अपर समाहर्ता नियुक्त किया गया है।

पदभार ग्रहण करने के बाद प्रदीप कुमार शुक्ला ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा संचालित विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मियों के सहयोग से प्रशासनिक कार्यों को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह तथा जनोन्मुखी बनाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

प्रदीप कुमार शुक्ला का धनबाद से पुराना जुड़ाव रहा है। इससे पहले वे जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। ऐसे में जिले की प्रशासनिक व्यवस्था और यहां की जरूरतों से वे भली-भांति परिचित हैं।

नए अपर समाहर्ता के पदभार ग्रहण करने के साथ ही जिला प्रशासन की कार्यशैली और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर नई उम्मीदें भी जुड़ गई हैं।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....