‘लेट्स मूव’ के संदेश के साथ दौड़ा पलामू, ओलंपिक दिवस पर 5 किमी मैराथन में दिखा युवाओं का जोश

KK Sagar
2 Min Read

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर मंगलवार को पलामू में खेल और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 5 किलोमीटर मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं, विद्यार्थियों, सरकारी कर्मियों और खेल प्रेमियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

मैराथन दौड़ की शुरुआत जिला समाहरणालय परिसर से हुई, जबकि इसका समापन जीएलए कॉलेज मैदान, मेदिनीनगर में किया गया। इस दौरान उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत भी प्रतिभागियों के साथ दौड़ में शामिल हुए और उनका उत्साह बढ़ाया।

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस की थीम “You Can Do This! Let’s Move” रखी गई है। इसी संदेश को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम, खेल और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।

दौड़ समाप्त होने के बाद प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। प्रथम से लेकर दसवें स्थान तक आने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

इस मौके पर उपायुक्त ने कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास भी सिखाता है। उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जीवन के किसी भी क्षेत्र में सफलता पाने के लिए जुनून और निरंतर प्रयास सबसे महत्वपूर्ण होते हैं।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....