झरिया में अतिक्रमण पर नगर निगम सख्त, 7 दिनों में सड़क और नाली खाली करने की चेतावनी

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद नगर निगम के झरिया अंचल ने अतिक्रमण मुक्त और स्वच्छ शहर अभियान के तहत झरिया के व्यावसायिक क्षेत्र में विशेष निरीक्षण एवं जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान चिल्ड्रन्स पार्क के आसपास सड़क और सार्वजनिक नालियों पर किए गए अतिक्रमण को लेकर दुकानदारों और ठेला-खोमचा संचालकों को कड़ी चेतावनी दी गई।

नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे और नालियों के ऊपर लगाए गए अस्थायी ढांचे, दुकानें और अन्य अतिक्रमणों का जायजा लिया। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक मार्ग और नालियों पर कब्जा होने से यातायात बाधित होता है, जल निकासी प्रभावित होती है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

अभियान के दौरान संबंधित दुकानदारों एवं अतिक्रमणकारियों को सात दिनों के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के बाद यदि सड़क या नाली पर अतिक्रमण पाया जाता है तो नगर पालिका अधिनियम और अन्य प्रासंगिक नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

नगर निगम ने कहा कि शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए अतिक्रमण मुक्त रखना बेहद जरूरी है। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों और सुविधाओं को बाधित करने वाले किसी भी प्रकार के अतिक्रमण से बचें।

इस अभियान में नगर प्रबंधक विश्वनाथ भगत, इंफोर्समेंट टीम के फूड इंस्पेक्टर पूनम ज्योति एवं करण कुमार, गार्डन प्रभारी मनीषा कुमारी, स्वच्छता पर्यवेक्षक अमित, रंजीत, सागर, सुनील, पूनक सहित नगर निगम के अन्य कर्मी मौजूद रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....