पांडव सेना का सरगना संजय सिंह गिरफ्तार, एनकाउंटर के डर से पत्नी ने पहले ही जारी कर दिया वीडियो

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार के चर्चित पांडव गिरोह के मुख्य सरगना संजय सिंह को पुलिस ने गिरफ्तारी कर लिया है। इस पूरे मामले में संजय सिंह की पत्नी पुष्पा कुमारी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर दावा किया है कि पुलिस ने उनके पति को गिरफ्तार कर लिया है।

बिहटा रेलवे स्टेशन से पुलिस ने दबोचा

संजय सिंह पर हत्या, लूट, रंगदारी साहित दर्जनों आपराधिक मामले पटना जिले के विभिन्न थानों में दर्ज थे। पुलिस को इसकी तलाश काफी समय से थी। कुख्यात संजय सिंह वक्त पुलिस की गिरफ्त में आया, जब वह अपने परिवार (पत्नी और बच्चों) के साथ दिल्ली से पटना आ रहा था। पुलिस को इसके विक्रमशिला एक्सप्रेस से पटना लौटने की जानकारी मिली थी। ट्रेन जैसे ही बिहटा रेलवे स्टेशन पर पहुंची पुलिस ने उसे दबोच लिया।

विक्रमशिला एक्सप्रेस की बोगी से पुलिस ने उठाया

पांडव सेना के सरगना को पुलिस ने दिल्ली से पटना आने के दौरान विक्रमशिला एक्सप्रेस की बोगी नंबर-B2 में बर्थ नंबर-12 से उठाया। संजय सिंह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ट्रेन में था। सिर्फ संजय को ही पुलिस ने गिरफ्तार किया, बाकी परिजनों को आगे जाने दिया गया। एसटीएफ ने इस कार्रवाई में बिहटा पुलिस और राजकीय रेल पुलिस की मदद ली।

पुलिस से पहले संजय सिंह की पत्नी ने जारी किया वीडियो

संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद उसकी पत्नी पुष्पा कुमारी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि उन्हें डर है कि उनके पति के साथ कुछ अनहोनी न हो जाए। इस घटनाक्रम के थोड़ी ही देर बाद पुलिस ने पूरी कार्रवाई की जानकारी दी।

कौन है संजय सिंह?

बता दें कि 90 के दशक में जब बिहार में जातीय संघर्ष चरम पर था, तब संजय सिंह ने पांडव सेना बनाई थी। इस गैंग के जरिए संजय सिंह ने जातीय संघर्ष में कदम रखा। बाद में ये एक आपराधिक संगठन बन गया। समय के साथ संजय सिंह बेहद शातिर और कुख्यात हो गया। इस पर पटना के पालीगंज और अरवल के थाने में हत्या, रंगदारी और लूट जैसे गंभीर मुकदमे दर्ज है। इसके अलावा कई और थानों में भी इसके ऊपर केस दर्ज हैं। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस संजय सिंह से पूछताछ कर उसके नेटवर्क की जानकारी खंगालने में जुटी है।

Share This Article