धनबाद में अब अपराधियों की खैर नहीं! SSP ने 700 दागियों की एक साथ ली क्लास, अपराध छोड़ने की दी अंतिम चेतावनी

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद: जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से धनबाद पुलिस ने गुरुवार को एक अनूठी पहल करते हुए झारखंड में पहली बार जिला स्तरीय दागियों की परेड आयोजित की। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के करीब 700 चिन्हित दागी व्यक्तियों को पुलिस लाइन बुलाया गया।

इस दौरान सभी की उपस्थिति दर्ज की गई, पहचान का सत्यापन किया गया और उन्हें अपराध का रास्ता छोड़कर सामान्य जीवन अपनाने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि दागियों की सूची पुलिस रिकॉर्ड के आधार पर तैयार की जाती है। अब तक इस तरह की परेड थाना स्तर पर होती थी, लेकिन पहली बार पूरे जिले के चिन्हित दागियों को एक साथ बुलाकर उन्हें दागी सूची में शामिल होने के प्रभाव, कानून का पालन करने के महत्व और अपराध के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया।

उन्होंने कहा कि जो लोग अपराध छोड़कर सामान्य जीवन जीना चाहते हैं, पुलिस उनका पूरा सहयोग करेगी। वहीं, जिन लोगों का नाम गलती से दागियों की सूची में शामिल हो गया है या जो लंबे समय से अपराध से दूर हैं, वे संबंधित थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर अपना नाम सूची से हटाने का अनुरोध कर सकते हैं। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यह सभी के लिए सुधार का अवसर है। यदि इसके बाद भी कोई व्यक्ति किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाया गया तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, जिले के सभी थाना प्रभारी और अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार इस पहल का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय पैदा करना और जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....