धनबाद में BAT-BMS ऐप का दुरुपयोग! चलते-चलते बंद हो रही ई-रिक्शा की बैटरी, 150 से अधिक टोटो चालक परेशान

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद: ई-रिक्शा चालकों के लिए परेशानी का सबब बने BAT-BMS ऐप का असर अब धनबाद में भी देखने को मिल रहा है। जिले के करीब 150 टोटो चालकों ने शिकायत की है कि उनकी ई-रिक्शा की बैटरी चलते-चलते अचानक बंद हो रही है, जिससे उन्हें बीच सड़क पर वाहन रोकना पड़ रहा है। इससे न केवल यात्रियों को परेशानी हो रही है, बल्कि चालकों की रोज़ी-रोटी पर भी सीधा असर पड़ रहा है।

चालकों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में कई बार अज्ञात लोग BAT-BMS ऐप के जरिए उनकी बैटरी को रिमोट से बंद कर चुके हैं। कई चालक दो से तीन बार इस तरह की घटना का शिकार हुए हैं। बीच रास्ते में वाहन बंद होने के कारण उन्हें रूट बदलने तक के लिए मजबूर होना पड़ा।

घटनाओं के बाद कई टोटो चालकों ने अपनी बैटरी में सुरक्षा के लिए पासवर्ड लगवाना शुरू कर दिया है। इसके लिए उन्हें संबंधित शोरूम और तकनीकी केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा है, ताकि कोई अनधिकृत व्यक्ति ब्लूटूथ के माध्यम से बैटरी से कनेक्ट न हो सके।

इस बीच केंद्र सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए BAT-BMS, Epoch Li-ion और Lossigy जैसे बैटरी मैनेजमेंट ऐप्स को ऐप स्टोर से हटाने के निर्देश दिए हैं। सरकार का कहना है कि इन ऐप्स का दुरुपयोग कर ई-रिक्शा की बैटरियों को रिमोट से बंद किया जा रहा था, जिससे सड़क सुरक्षा और आम लोगों की जान को खतरा पैदा हो रहा था।

टोटो चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और ई-रिक्शा बैटरियों में मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....