पटना कोचिंग हब मुसल्लहपुर में राहुल गांधी करेंगे पदयात्रा, कोचिंग विवाद के बीच कांग्रेस की छात्रों पर नजर

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार में जारी कोचिंग विवाद के बीच कांग्रेस को एक बड़ा मुद्दा मिल गया है। फैजल खान-रौशन आनंद सर कोचिंग विवाद के बाद चर्चा में आए मुसल्लहपुर हाट में राहुल गांधी 15 जुलाई को पदयात्रा करेंगे। राहुल गांधी पहले 11 जुलाई को यहां आने वाले थे, लेकिन अब वे 15 जुलाई को पटना आएंगे। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष पटना में छात्रों के साथ संवाद भी करेंगे।

राहुल गांधी के दौरे को लेकर नेताओं को सौंपे गए टास्क

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आगामी 15 जुलाई को बिहार की राजधानी पटना दौरे को लेकर पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस इसे युवाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देख रही है। यही वजह है कि इस दौरे को लेकर कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारु और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम की मौजूदगी में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई, जिसमें नेताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां और टास्क सौंपे गए हैं।

मुसल्लहपुर हाट में पदयात्रा

कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी अब 15 जुलाई को पटना पहुंचेंगे। इस दौरे के दौरान वे राजधानी के प्रमुख शिक्षा केंद्र मुसल्लहपुर हाट में पदयात्रा करेंगे। छात्रों की गूंज कार्यक्रम के अंतर्गत वे वहां छात्रों से सीधा संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को जानेंगे। ये वही इलाका है जहां प्रसिद्ध शिक्षक खान सर और रौशन आनंद के कोचिंग संस्थान स्थित हैं।

छात्रों-युवाओं को एकजुट करने की तैयारी

सम्मेलन में बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में छात्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं और कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। बिहार कांग्रेस ऑफिस में शुक्रवार को हुई सांगठनिक बैठक में प्रदेश नेतृत्व ने जिला और प्रखंड स्तर के नेताओं को भीड़ जुटाने और प्रबंधन का जिम्मा सौंपा है। मुसल्लहपुर हाट जैसे व्यस्त और घनी आबादी वाले इलाके में पैदल मार्च की संभावनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और रूट पर भी चर्चा की जा रही है।

Share This Article