पलामू: जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पलामू के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच के साथ-साथ अवैध हथियार, मादक पदार्थों एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर भी नजर रखी गई।
जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट, फैंसी नंबर प्लेट, ब्लैक फिल्म लगे वाहन, अतिरिक्त मॉडिफिकेशन वाले वाहन, ड्रंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट चलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान 420 दोपहिया और 457 चारपहिया, यानी कुल 877 वाहनों की जांच की गई। इस दौरान चार दोपहिया वाहनों का चालान काटा गया, जबकि तीन दोपहिया वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 194(D) के तहत कार्रवाई की गई। वहीं नौ चारपहिया वाहनों से ब्लैक फिल्म हटाई गई।
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करने वाले जिम्मेदार नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पलामू पुलिस की प्राथमिकता है।
एसपी ने स्पष्ट किया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ पलामू पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत डायल-112 पर देने की अपील की। उनका कहना है कि जनता के सहयोग से ही अपराधमुक्त और सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।

