धनबाद – ट्रेन में अकेली और घबराई मिली युवती, TTE की सूझबूझ से सुरक्षित पहुंची RPF तक

KK Sagar
2 Min Read

पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में अकेली और घबराई मिली युवती, डेहरी ऑन सोन स्टेशन पर RPF को सुरक्षित सौंपा गया

धनबाद: रेल यात्रियों की सुरक्षा के प्रति सजग धनबाद मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता ने एक संभावित बड़ी घटना को टाल दिया। गाड़ी संख्या 12801 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में ड्यूटी के दौरान टिकट परीक्षक विजय कुमार राणा की सूझबूझ से घर से बिना बताए निकली एक युवती को सुरक्षित बचा लिया गया।

रविवार को टिकट जांच के दौरान कोच S-1 के बर्थ संख्या 73/78 पर एक युवती अकेली और बेहद घबराई हुई अवस्था में बैठी मिली। पूछताछ में उसने बताया कि वह बिना किसी परिजन को जानकारी दिए घर से निकल आई है और दिल्ली जाना चाहती है। चौंकाने वाली बात यह थी कि दिल्ली में उसका कोई परिचित या रिश्तेदार भी नहीं था। उसके बैग में केवल कुछ किताबें मिलीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती कोडरमा स्टेशन से ट्रेन में सवार हुई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए टिकट परीक्षक विजय कुमार राणा ने तत्काल धनबाद मंडल के वाणिज्य नियंत्रण एवं डीडीयू मंडल को सूचना दी। समन्वय के बाद अगले उपयुक्त स्टेशन डेहरी ऑन सोन पर युवती को सुरक्षित रूप से रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के हवाले कर दिया गया, ताकि उसके परिजनों से संपर्क कर आवश्यक सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सके।

धनबाद मंडल ने इस मानवीय कार्य के लिए अपने टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता, संवेदनशीलता और जिम्मेदार कार्यशैली की सराहना की है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....