2019 के मारपीट और धमकी के मामले में कार्रवाई, न्यायालय के आदेश पर हुई गिरफ्तारी
पलामू: जिले की तरहसी थाना पुलिस ने छह वर्ष पुराने आपराधिक मामले में फरार चल रहे एक नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह कार्रवाई लंबित मामलों के निष्पादन और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, जी.आर. संख्या 336/20 एवं तरहसी थाना कांड संख्या 80/19 (दिनांक 6 सितंबर 2019) में नामजद अभियुक्त देवेंद्र सिंह (52 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। वह स्वर्गीय त्रिवेणी सिंह के पुत्र तथा तरहसी थाना क्षेत्र के ग्राम उदयपुरा-02 के निवासी हैं।
मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का था आरोप
अभियुक्त के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 323 (मारपीट), 341 (गलत तरीके से रोकना), 504 (जानबूझकर अपमान कर शांति भंग करने का प्रयास) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज था। न्यायालय से प्राप्त निर्देशों के आधार पर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की।
न्यायालय में पेशी के बाद भेजा गया जेल
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए अभियुक्त को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पलामू पुलिस ने बताया कि जिले में लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले आरोपियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और न्यायालय से वांछित सभी अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

