दुमका: झारखंड की उपराजधानी दुमका के बासुकिनाथ में किन्नर समाज के बीच चल रहे विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। माही किन्नर पर लगाए जा रहे लिंग परिवर्तन के आरोपों के विरोध में बड़ी संख्या में किन्नर समाज के लोग बासुकिनाथ पहुंचे और एकजुट होकर जरमुंडी थाना में शिकायत दर्ज कराई। समाज के लोगों ने आरोपों को निराधार बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
माही किन्नर के समर्थन में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान उनकी गुरु मां बीटन तिवारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी चेली पर लगाए जा रहे सभी आरोप पूरी तरह झूठे और बेबुनियाद हैं। उनका आरोप है कि देवघर निवासी रोजी मौसी उर्फ राजकुमार मंडल द्वारा माही किन्नर को लगातार फोन कर जान से मारने की धमकी दी जा रही है और उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।
बीटन तिवारी ने यह भी दावा किया कि रोजी मौसी का पूर्व में पारिवारिक जीवन रहा है और वर्तमान विवाद के पीछे व्यक्तिगत कारण हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
विरोध प्रदर्शन के बाद किन्नर समाज के सदस्य सामूहिक रूप से जरमुंडी थाना पहुंचे और थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन में माही किन्नर को मिल रही कथित धमकियों, बदनाम करने के प्रयासों और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
किन्नर समाज ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।

