डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: अगर आप आज या आने वाले दिनों में रेल यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो सावधान हो जाएं। दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा रेल मंडल में आज से आवश्यक रखरखाव और विकास कार्यों की शुरुआत हो रही है, जो 19 जुलाई तक चलेगी। इस मेगा ब्लॉक के कारण रेलवे ने टाटानगर-आसनसोल मेमू समेत कई लोकल ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि कुछ के रूट छोटे किए गए हैं।रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे स्टेशन के लिए निकलने से पहले रेलवे के आधिकारिक इंक्वायरी नंबर या वेबसाइट पर अपनी ट्रेन का लाइव स्टेटस जरूर चेक कर लें।
आज से प्रभावित होने वाली ट्रेनों की सूची
पूरी तरह रद्द रहने वाली ट्रेनें
आसनसोल – पुरुलिया – आसनसोल मेमू (63594/63593): आज (13 जुलाई) और 16 जुलाई को पूरी तरह रद्द रहेगी।
टाटानगर – आसनसोल मेमू (68056): कल (14 जुलाई), 15 जुलाई और 18 जुलाई को रद्द रहेगी।
चक्रधरपुर – गोमो – चक्रधरपुर मेमू (18116/18115): 14, 17 और 19 जुलाई को महुदा-गोमो खंड के बीच रद्द रहेगी (यह ट्रेन केवल महुदा तक ही चलेगी)।
इन ट्रेनों के रूट किए गए छोटे
टाटानगर – आसनसोल – बाराभूम मेमू (68056/68060): 17 और 19 जुलाई को यह ट्रेन सिर्फ आद्रा स्टेशन तक जाएगी और वहीं से वापस खुलेगी (आद्रा-आसनसोल खंड के बीच सेवा बंद रहेगी)।
आसनसोल – पुरुलिया – आसनसोल मेमू (63594/63593): 15, 17 और 18 जुलाई को केवल आद्रा स्टेशन तक ही चलेगी।
आसनसोल – बाराभूम मेमू (68060): 14, 15 और 18 जुलाई को आसनसोल के बजाय आद्रा स्टेशन से ही खुलेगी।
आसनसोल – टाटानगर मेमू (68055): 14, 15 और 18 जुलाई को आद्रा में ही समाप्त हो जाएगी। 16 जुलाई को यह ट्रेन केवल पुरुलिया तक चलाई जाएगी।
एक्सप्रेस ट्रेनों की टाइमिंग बदली, आज से होगी देरी
लोकल ट्रेनों के अलावा कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों के समय में भी फेरबदल किया गया है।
खड़गपुर – हटिया एक्सप्रेस (18035): 16 और 17 जुलाई को यह ट्रेन खड़गपुर से अपने निर्धारित समय से 1 घंटे की देरी से रवाना होगी।
हटिया – खड़गपुर एक्सप्रेस (18036): कल (14 जुलाई) को हटिया से 1 घंटे की देरी से खुलेगी, जबकि 15 और 18 जुलाई को यह अपने तय समय से 2 घंटे की देरी से प्रस्थान करेगी।

