राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश, लंबित म्यूटेशन मामलों पर प्रमंडलीय आयुक्त सख्त

KK Sagar
4 Min Read

राजस्व संग्रहण और एसआईआर-2026 की समीक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं में धनबाद मॉडल की सराहना

धनबाद: उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में राजस्व संग्रहण, राजस्व न्यायालय, आंतरिक संसाधन, एसआईआर-2026 समेत विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन सहित जिले के सभी वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राजस्व संग्रहण में वृद्धि आवश्यक है। उन्होंने सभी विभागों को राज्य सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली सुनिश्चित करने तथा विभागीय नियमों एवं योजनाओं की पूरी जानकारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

समय पर म्यूटेशन और प्रमाण पत्रों के निष्पादन पर जोर

समीक्षा के दौरान आयुक्त ने दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) के लंबित मामलों पर नाराजगी जताई और सभी अंचल अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिना ठोस कारण म्यूटेशन लंबित रखना राजस्व हित के खिलाफ है और राइट टू सर्विस अधिनियम के तहत दंडनीय भी है। इसके अलावा जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्रों सहित अन्य आवेदनों का भी समय पर निष्पादन करने के निर्देश दिए।

अवैध खनन और कर चोरी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

प्रमंडलीय आयुक्त ने खनन विभाग की समीक्षा करते हुए अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना वैध लाइसेंस और आवश्यक दस्तावेजों के खनिज परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ एमएमडीआर अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाए। वहीं परिवहन विभाग को नियमित जांच अभियान चलाकर राजस्व लक्ष्य हासिल करने तथा वाणिज्य कर विभाग को कर चोरी रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा।

स्वास्थ्य क्षेत्र में धनबाद की उपलब्धियों की सराहना

डीएमएफटी योजनाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि सदर अस्पताल, शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, तोपचांची में 12 बेड के डायलिसिस सेंटर सहित स्वास्थ्य क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। इस पर प्रमंडलीय आयुक्त ने धनबाद जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि जिले ने बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में उल्लेखनीय कार्य किया है और सरकार की अपेक्षाओं पर खरा उतरा है।

एसआईआर-2026 और राजस्व वसूली की भी हुई समीक्षा

बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) की समीक्षा करते हुए गणना प्रपत्रों के वितरण और डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही बड़े बकाएदारों के खिलाफ नीलाम पत्र वाद के तहत कार्रवाई तेज करने, सरकारी जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और नियमित क्षेत्र निरीक्षण करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक से पूर्व उपायुक्त आदित्य रंजन ने सर्किट हाउस में प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल दंडाधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....