धनबाद: धनबाद नगर निगम ने मंगलवार को बाबुडीह विवाह भवन में NAMASTE (National Action for Mechanised Sanitation Ecosystem) योजना के तहत सफाई मित्रों की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण को समर्पित विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान स्वास्थ्य शिविर, सुरक्षा प्रशिक्षण, पीपीई किट वितरण, सम्मान समारोह और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित NAMASTE दिवस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम में सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें सुरक्षित कार्य प्रणाली से जुड़ी जानकारी दी गई। साथ ही कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने और आधुनिक उपकरणों के उपयोग पर विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि धनबाद नगर निगम शहर के सभी वार्डों में स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता के साथ संचालित कर रहा है। सफाई मित्रों के अथक योगदान को देखते हुए उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि NAMASTE योजना का उद्देश्य सफाई कर्मियों को जोखिमपूर्ण कार्यों से सुरक्षित रखना, मानव मल के सीधे संपर्क को समाप्त करना तथा आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें अधिक कुशल बनाना है। इसके साथ ही स्वच्छता उद्यमिता को बढ़ावा देकर समूह आधारित रोजगार के अवसर भी विकसित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में बताया गया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से संचालित इस योजना का उद्देश्य सफाई मित्रों को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना और समाज में उन्हें सम्मानजनक पहचान दिलाना है। नगर निगम द्वारा यांत्रिक सफाई व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि जोखिमपूर्ण कार्यों में कमी आए और सफाई कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, नगर मिशन प्रबंधक, गार्डेन अधीक्षक, फूड इंस्पेक्टर, स्वच्छता निरीक्षक, स्वच्छता पर्यवेक्षक सहित बड़ी संख्या में सफाई मित्र उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी स्वच्छता कर्मियों से सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आधुनिक एवं सुरक्षित सफाई व्यवस्था अपनाने की अपील की।

