दाखिल-खारिज, प्रमाण पत्रों और मतदाता सूची पुनरीक्षण की समीक्षा; अतिक्रमणकारियों पर सख्त कार्रवाई के दिए आदेश
धनबाद: उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने अपने दो दिवसीय धनबाद दौरे के अंतिम दिन गोविंदपुर अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व एवं निर्वाचन से जुड़े विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने दाखिल-खारिज के लंबित मामलों, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्रों के निष्पादन, कार्यालय पंजी और सेवा पुस्तिका सहित विभिन्न अभिलेखों की जांच की। उन्होंने सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्रमंडलीय आयुक्त ने अंचल क्षेत्र की सरकारी जमीन की हर हाल में सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त रखने में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को एब्सेंट, शिफ्टेड, डुप्लीकेट और मृत मतदाताओं की त्रुटिरहित सूची तैयार करने तथा डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी बीएलओ या वालंटियर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मौके पर अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला, उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा, गोविंदपुर अंचल अधिकारी यशवंत कुमार सिन्हा, प्रभारी अंचल निरीक्षक नेहा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

