काटा पहाड़ी में अवैध कोयले का बड़ा खेल उजागर, CISF-BCCL की संयुक्त छापेमारी में 50 टन कोयला जब्त

KK Sagar
2 Min Read

बाघमारा: धनबाद के एरिया-4 अंतर्गत कतरास क्षेत्र के काटा पहाड़ी स्थित अंबे आउटसोर्सिंग माइंस के पास अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। सीआईएसएफ, बीसीसीएल प्रबंधन और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने ट्रांसपोर्टिंग रूट पर छापेमारी कर करीब 50 टन अवैध रूप से डंप किया गया कोयला जब्त किया है। मामले में एमएमडीआर (MMDR) एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सीआईएसएफ क्राइम विंग को गुप्त सूचना मिली थी कि अंबे आउटसोर्सिंग माइंस के समीप बड़ी मात्रा में अवैध कोयले का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने ट्रांसपोर्टिंग रूट पर छापेमारी की, जहां भारी मात्रा में कोयला डंप मिला। मौके पर कोयले से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या ट्रांजिट चालान प्रस्तुत नहीं किया जा सका, जिसके बाद पूरे कोयले को जब्त कर लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन और कोयले के अवैध भंडारण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मामले में माइंस एंड मिनरल्स (डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) एक्ट (MMDR Act) के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खदान क्षेत्रों में अवैध कोयला तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

फिलहाल जांच जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि जब्त कोयला अंबे आउटसोर्सिंग माइंस से अवैध रूप से निकाला गया था या कहीं अन्य स्थान से लाकर यहां डंप किया गया था। साथ ही इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

सीआईएसएफ, बीसीसीएल प्रबंधन और पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें क्षेत्र में अवैध खनन, परिवहन या कोयला भंडारण जैसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....