बिहार में चौथे चरण (TRE-4) की शिक्षक भर्ती का इंतजार खत्म हो गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसकी घोषणा कर दी है। चौथे चरण में कुल 32,388 पदों पर बहाली होगी। शिक्षा विभाग ने 32,388 शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति के लिए अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी है।
बिहार के युवाओं के लिए ऐतिहासिक सौगात
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी कि TRE-4 के तहत 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति के लिए शिक्षा विभाग ने अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी है। मुख्यमंत्री ने इसे बिहार के युवाओं के लिए एक ऐतिहासिक सौगात बताते हुए कहा कि सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।
किस कक्षा के लिए कितने पद?
इस भर्ती में सबसे अधिक 16,101 पद 11वीं और 12वीं कक्षा के शिक्षकों के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा प्राथमिक और माध्यमिक स्तर पर भी बड़ी संख्या में रिक्तियां निकाली गई हैं। इनमें विभिन्न कक्षाओं के लिए पदों का विवरण इस प्रकार है-
कक्षा 1 से 5: 3,847 पद
कक्षा 6 से 8: 8,563 पद
कक्षा 9 से 10: 3,877 पद
कक्षा 11 से 12: 16,101 पद
लंबे समय से था भर्ती का इंतजार
बता दें कि सीएम सम्राट चौधरी के इस ऐलान से उन शिक्षक अभ्यर्थियों को राहत मिली है जो इसके लिए महीनों से इंतजार कर रहे थे। माना जा रहा है कि अगस्त में भर्ती से संबंधित विज्ञापन भी जारी हो जाएगा।

