धनबाद में डॉक्टर और दो भाइयों के बीच विवाद, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के लगाए आरोप

KK Sagar
3 Min Read

युवकों ने डॉक्टर व सुरक्षा कर्मियों पर बेरहमी से पिटाई का आरोप लगाया, डॉक्टर ने अस्पताल में हंगामा और तोड़फोड़ का लगाया आरोप

धनबाद: धनबाद के बारामुड़ी स्थित एक निजी किडनी अस्पताल के बाहर बुधवार रात दो भाइयों और अस्पताल प्रबंधन के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। मामले में दोनों ओर से धनबाद थाना में शिकायत दी गई है।

पीड़ित युवकों का आरोप है कि अस्पताल संचालक डॉ. मिहिर कुमार और उनके निजी सुरक्षा कर्मियों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका यह भी कहना है कि घटना के बाद उन्हें ही थाना ले जाया गया, जबकि मारपीट करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। युवकों ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

वहीं डॉ. मिहिर कुमार ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि दोनों भाई अस्पताल पहुंचे, हंगामा किया, तोड़फोड़ की कोशिश की और एक सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की। उन्होंने भी कार्रवाई की मांग की है।

Advertisement

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस पर एकपक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच से स्पष्ट हो सकती है।

उधर, युवकों ने अपने आवेदन में डॉक्टर के खिलाफ पूर्व उपचार से संबंधित भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि डॉक्टर की लापरवाही और गलत इलाज के कारण उनके पिता की मौत हुई थी। दूसरी ओर, डॉक्टर के खिलाफ पूर्व में दर्ज मामलों का भी युवकों ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

घटना के बाद दोनों पक्षों ने धनबाद थाना में आवेदन दिया है। एक ओर युवकों ने डॉक्टर, उनकी पत्नी और सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है, वहीं दूसरी ओर डॉक्टर ने भी दोनों भाइयों पर अस्पताल में हंगामा, तोड़फोड़ और मारपीट का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....