धनबाद – चलती ट्रेन से यात्री का मोबाइल उड़ाकर भाग रहा था आरोपी, दो चोरी के स्मार्टफोन के साथ पकड़ा गया आरोपी

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद स्टेशन पर मोबाइल चोर दबोचा, श्रावणी मेला में RPF-GRP की संयुक्त कार्रवाई में किशोर गिरफ्तार

धनबाद: श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत धनबाद रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, अपराध आसूचना शाखा (CIB) और जीआरपी की संयुक्त टीम ने एक शातिर मोबाइल चोर को रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी के दो स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को धनबाद स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर ट्रेन संख्या 13553 के पहुंचने के बाद एक किशोर यात्री का मोबाइल चोरी कर भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान स्टेशन पर गश्त कर रही संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले करीब तीन वर्षों से मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था और अब तक कभी पकड़ा नहीं गया था। उसने ट्रेन से उतरने के दौरान मोबाइल चोरी करने की बात भी कबूल की।

Advertisement

बरामद मोबाइल की पहचान होने के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मामला राजकीय रेल थाना धनबाद को सौंप दिया गया। इस संबंध में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पकड़े गए किशोर की पहचान कृष्णा नोनिया (17 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के कुल्टी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसके पास से सैमसंग और वीवो कंपनी के दो स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं। चोरी हुआ मोबाइल धनबाद के बलियापुर निवासी करण कुमार महतो का बताया गया है।

रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि भीड़भाड़ के दौरान अपने मोबाइल और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा कर्मियों को दें।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....