मंत्री अशोक चौधरी को जान से मारने की धमकी, अकाउंट का एक्सेस देनें के एवज में फिरौती की मांग

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री डॉ. अशोक चौधरी से फिरौती और जान से मारने की धमकी का एक गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले में पटना साइबर थाने में एक आवेदन दिया गया है, जिसमें उनके आधिकारिक एक्स हैंडल और जीमेल अकाउंट के एक्सेस के बदले फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। इस मामले में पहले से ही एफआईआर दर्ज है।

ऑडियो संदेश भेजकर जान से मारने की धमकी

मंत्री अशोक चौधरी के आप्त सचिव रक्षित कश्यप ने पटना साइबर थाने में एक नया आवेदन देकर आरोप लगाया है कि आधिकारिक सोशल मीडिया और ईमेल अकाउंट का नियंत्रण वापस सौंपने के बदले धन की मांग की जा रही है। साथ ही, मंत्री के एक करीबी को ऑडियो संदेश भेजकर जान से मारने की धमकी भी दी गई है। 

पूर्व निजी सहायक पर नियंत्रण का आरोप

इस मामले में पूर्व से ही एफआईआर दर्ज है। नया आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है। इसमें मंत्री के पूर्व निजी सहायक को आरोपित किया गया है। ​आवेदन के अनुसार, मंत्री के पूर्व निजी सहायक के पास एक्स और जीमेल का एक्सेस है। कार्यालय से अलग होने के बाद भी वह इसका एक्सेस वापस नहीं दे रहा है, बल्कि इसके बदले पैसों की मांग कर रहा है।

पहले से दर्ज है प्राथमिकी

शिकायत में आप्त सचिव रक्षित कश्यप ने कहा गया है कि इस मामले में पहले से प्राथमिकी दर्ज है, लेकिन हाल में सामने आए नए तथ्यों के मद्देनजर पुलिस से अतिरिक्त धाराओं में कार्रवाई करने और पूरे प्रकरण की गहन जांच की मांग की गई है। आवेदन में दावा किया गया है कि अकाउंट का एक्सेस लौटाने के लिए कथित तौर पर दबाव बनाया जा रहा है और इसके एवज में रकम मांगी जा रही है।

Share This Article