रांची में JPSC और JSSC परीक्षा में गड़बड़ी के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों से बातचीत के लिए हेमंत सोरेन सरकार तैयार हो गई है। राज्य सरकार की ओर से आंदोलनरत छात्रों को 17 अगस्त 2026 को दोपहर 2 बजे बातचीत के लिए आमंत्रित किया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) एवं ADM, लॉ एंड ऑर्डर ने छात्रों को इस प्रस्ताव की जानकारी दी। छात्रों को उनके विधिक सलाहकारों के साथ बातचीत में शामिल होने का प्रस्ताव दिया गया है, ताकि बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने की दिशा में आगे बढ़ा जा सके।
इससे पहले रविवार को छात्रों ने रांची समेत पूरे झारखंड में प्रदर्शन किया था। रांची में आंदोलनकारी छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का पुतला फूंका था। छात्रों ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेरने का भी ऐलान किया था। इसी बीच सरकार की ओर से बातचीत का प्रस्ताव सामने आने से आंदोलन को लेकर नया मोड़ आ गया है।
वहीं, छात्र आंदोलन से चर्चा में आए छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो रांची के एक अस्पताल में भर्ती हैं और अनशन पर हैं। देवेंद्र नाथ महतो ने आरोप लगाया था कि अस्पताल में उनके साथ मारपीट और धक्का-मुक्की की गई। उन्होंने वीडियो जारी कर न्याय की मांग की थी। साथ ही आरोप लगाया था कि 15 अगस्त को उन्हें झंडा फहराने से रोका गया और उनके साथ मारपीट की गई। इस घटना के सामने आने के बाद आंदोलनकारी छात्रों में आक्रोश और बढ़ गया था।

