Gen Z तक पहुंचेगी BJP की नई टीम, ‘युवा संवाद’ से सीधेजुड़ेंगे मंत्री

Reena Sharma
3 Min Read

देश की सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ने युवा वर्ग, विशेषकर Gen Z तक अपनी पहुंच मजबूत करने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है. इस पहल के तहत पार्टी युवाओं के साथ सीधा संवाद बनाकर उनकी सोच, जरूरतों और भविष्य से जुड़े मुद्दों को समझने का प्रयास करेगी. इस खास टीम में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े के साथ-साथ गुजरात के मंत्री हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी को अहम जिम्मेदारी दी गई है.

युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए नई टीम जल्द ही ‘युवा संवाद’ अभियान शुरू करने जा रही है. इस मुहीम के अंतर्गत 14 से 25 साल की उम्र के युवाओं को शामिल करने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें चर्चा और संवाद के जरिए युवाओं के विचार जानने पर मुख्य जोर रहेगा.

सीधे बातचीत से युवाओं की प्राथमिकताओं को समझने का प्रयास इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं की बदलती प्राथमिकताओं और उनकी समस्याओं को गहराई से समझना है. इन आयोजनों के माध्यम से युवाओं को बीजेपी नेताओं के साथ सीधे बातचीत करने और शिक्षा, रोजगार, तकनीक जैसे अहम विषयों पर अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा, जिसकी विस्तृत योजना आने वाले दिनों में घोषित की जाएगी.

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने पद संभालने के 209 दिन बाद 17 अगस्त को अपनी 65 सदस्यीय नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया था, जिसमें 51 नए चेहरों को शामिल किया गया है. इस नए संगठन में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महासचिवों के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव वाले राज्यों के 18 नेताओं को जगह मिली है, जबकि स्मृति ईरानी, राम माधव, वसुंधरा राजे और बैजयंत पांडा जैसे नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.

पार्टी स्तर के अलावा केंद्र सरकार भी युवाओं से संपर्क बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालयों में विशेष आउटरीच प्रोग्राम शुरू करने की योजना बना रही है. पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, केंद्रीय मंत्री विभिन्न विश्वविद्यालयों का दौरा कर छात्रों से सीधे संवाद करेंगे, उनकी समस्याओं व सुझावों को सुनेंगे और सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों की जानकारी साझा करेंगे.

Share This Article