बाघमारा। एरिया-1 के बरोरा क्षेत्र अंतर्गत गणेशपुर में अवैध कोयला खनन के खिलाफ सीआईएसएफ और बीसीसीएल प्रबंधन ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी के दौरान खनन क्षेत्र में खोले गए कई अवैध मुहानों को बंद कर उनकी भराई कर दी गई।
गुप्त सूचना पर अचानक पहुंची टीम
सीआईएसएफ क्राइम विंग को सूचना मिली थी कि गणेशपुर क्षेत्र में अवैध तरीके से कई मुहाने खोलकर कोयला खनन किया जा रहा है। सूचना के बाद सीआईएसएफ और बीसीसीएल प्रबंधन की टीम ने संयुक्त रूप से अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अवैध मुहानों को चिह्नित कर उन्हें बंद कराया गया।
अवैध खनन पर प्रशासन सख्त
अवैध कोयला खनन और भंडारण के मामलों में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अधिकारियों के अनुसार, अवैध खनन और कोयला तस्करी से जुड़े मामलों में माइंस एंड मिनरल्स (डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) एक्ट यानी MMDR Act के तहत कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खदान क्षेत्र में किसी भी तरह की अवैध कोयला गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सूचना देने की लोगों से अपील
सीआईएसएफ और बीसीसीएल प्रबंधन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में यदि भविष्य में अवैध खनन, कोयला भंडारण या तस्करी जैसी गतिविधियां दिखाई दें तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

