थानेदार विवाद में घिरे जयराम महतो, पुलिस ने दी काम बंद करने की चेतावनी

Reena Sharma
2 Min Read

धनबाद में जेएलकेएम प्रमुख और डुमरी विधायक जयराम महतो का बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार से कथित गाली-गलौज का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। बताया जा रहा है कि यह व्हाट्सएप कॉल की रिकॉर्डिंग है, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

मामले में थाना प्रभारी रवि कुमार ने विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, 22 अगस्त की रात विधायक ने अपने समर्थक की गिरफ्तारी को लेकर फोन किया था। आरोप है कि बातचीत के दौरान गाली-गलौज और धमकी दी गई।

विधायक पर वर्दी उतरवाने और सरकार बदलने के बाद देख लेने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। एफआईआर में जयराम महतो समेत 10 लोगों को नामजद और 50 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।

मामले को लेकर धनबाद पुलिस मेंस एसोसिएशन थाना प्रभारी के समर्थन में सामने आया है। एसोसिएशन ने कार्रवाई नहीं होने पर धनबाद में पुलिस के काम नहीं करने की चेतावनी दी है। पुलिसकर्मियों में इस मामले को लेकर नाराजगी है।

विवाद की शुरुआत जेएलकेएम नेता गणेश दास को फर्जी पैड, मुहर और हस्ताक्षर से प्रमाण पत्र तैयार करने के आरोप में हिरासत में लिए जाने के बाद हुई थी। इसके बाद बरवाअड्डा थाने में पुलिस और विधायक समर्थकों के बीच विवाद की स्थिति बनी। विधायक पर मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी के आरोप भी लगाए गए हैं।

वहीं, जयराम महतो ने अपने ऊपर लगे आरोपों को साजिश बताते हुए खारिज किया है। उन्होंने पुलिस पर मारपीट और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। विधायक ने भी कई लोगों के खिलाफ आवेदन दिया है। दोनों पक्षों की शिकायतों के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share This Article