रक्षाबंधन पर पुलिसकर्मियों को राखी बांधने पहुंचीं सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की छात्राएं

Reena Sharma
2 Min Read

पलामू: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की छात्राओं ने शहर थाना पहुंचकर पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधी. कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाचार्य चितरंजन कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुआ. छात्राओं ने शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार, महिला थाना प्रभारी पार्वती कुमारी समेत मौजूद पुलिसकर्मियों को राखी बांधी.

देशभक्ति गीतों से बांधा समां

थाना पहुंचने के बाद छात्राओं ने देशभक्ति और रक्षाबंधन से संबंधित गीत प्रस्तुत किए. इसके बाद छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को तिलक लगाकर पूजा-अर्चना की और उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र के रूप में राखी बांधी. इस दौरान थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार समेत सभी पुलिसकर्मी उत्साहित नजर आए.

पुलिस अधिकारियों ने दिया उपहार

पुलिसकर्मियों ने विद्यालय की छात्राओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. वहीं, शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार और महिला थाना प्रभारी पार्वती कुमारी ने छात्राओं को उपहार भी भेंट किए.

बच्चों की सुरक्षा को बताया प्राथमिकता

शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने बच्चों से अच्छी शिक्षा प्राप्त कर कर्मठ और देशभक्त नागरिक बनने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि बाल विवाह, बाल तस्करी और बाल श्रम के खिलाफ चल रही मुहिम में पुलिस पूरी तरह उनके साथ है. बच्चों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है.

उन्होंने कहा कि इस पहल से बच्चों के बीच यह संदेश जाता है कि पुलिस उनकी मित्र है. अब डर नहीं, बल्कि संवाद और सहयोग का समय है.

ये रहे मौजूद

मौके पर महिला थाना की एसआई संगीता झा, अनिल कुमार यादव, ट्रैफिक प्रभारी रुद्रानंद सरस, एसआई तदसुक अंसारी समेत विद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे. इनमें अन्या कुमारी, माही कुमारी, सुहाना कुमारी, सलोनी कुमारी, खुशी कुमारी, पलक कुमारी, दिव्यांशी कुमारी, उन्मुक्त कुमार, उत्कर्ष कुमार, कृति कुमारी, काव्या कुमारी, अनामिका कुमारी, अनुराधा कुमारी, आयुषी कुमारी, रोशनी कुमारी, परी कुमारी, काजल कुमारी, रिचा कुमारी, ऋषिका कुमारी, तृषा कुमारी, दिव्या कुमारी और श्रधा कुमारी शामिल थीं.

Share This Article